नयी दिल्ली, छह सितंबर (एएनएस) विभिन्न प्रकार के हथियारों और सेंसरों से लैस भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस तरकश नाइजीरिया के लागोस पहुंच गया।
अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत और नाइजीरिया के रिश्तों को मजबूती देने संबंधी पहलों के तहत आईएनएस तरकश बृहस्पतिवार को लागोस पहुंचा। इस पोत की कमान कैप्टन सतीश वासुदेव संभाल रहे हैं।
भारतीय नौसेना के भूमध्य सागर, अफ्रीका और यूरोप में तैनाती कार्यक्रम के अनुसार आईएनएस तरकश तीन दिवसीय दौरे पर लागोस में है।
एक बयान में नौसेना ने बताया कि भारत और नाइजीरिया के राजनयिक रिश्तों के 60 साल पूरे होने पर यह पहल की गई है। तरकश के लागोस में पड़ाव के दौरान नाइजीरिया सरकार के अधिकारी तथा गणमान्य अतिथि इस पोत पर जाएंगे।
विभिन्न प्रकार के हथियारों तथा सेंसरों से लैस आईएनएस तरकश नौसेना के अग्रणी पोतों में से एक है।
बयान के अनुसार, आठ सितंबर को यह पोत एनएनएस यूनिटी के साथ एक समुद्री अभ्यास करेगा जो दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच रिश्ते मजबूत करने में मददगार होगा।