वाराणसी/देव दीपावली पर भारी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक एवं श्रद्धालु बनारस आते हैं, इस दौरान बनारस में पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों की बड़ी आय भी होती है- पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)*
*भव्यता और दिव्यता से होगा गंगा महोत्सव व देव दीपावली*
*गंगा घाटों की सफाई 8 नवंबर तक हो जाएगी*
*पूरा शहर जगमग होगा देव दीपावली पर*
*आमजन की सुविधा हेतु देव दीपावली पर टाउन हॉल, विशेश्वरगंज आदि स्थलों पर पेड पार्किंग की व्यवस्था होगी, जिससे वाहन सड़कों पर बेतरतीब खड़े न होने पाए और जाम की स्थिति न बने*
*कज्जाकपुरा से सारनाथ तक फोरलेन का डीपीआर तैयार करे लोक निर्माण विभाग- डॉ नीलकंठ तिवारी*
*सामने घाट से विश्व सुंदरी की तरफ जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण का प्रोजेक्ट बनाने का मंत्री ने दिया निर्देश*
*पंडित दीनदयाल मेमोरियल, पड़ाव के प्रगति की समीक्षा के दौरान इसे गतिशील करने का मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने दिया निर्देश*
उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकंठ तिवारी ने गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली से पूर्व शहर की सड़कों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर मरम्मत कराए जाने का लोक निर्माण विभाग के अभियंता को निर्देश दिया। देव दीपावली पर्व के दौरान उन्होंने विभिन्न घाटों पर होने वाले कार्यक्रम, घाटों की सजावट आदि में हर हालत में सिमेट्री रखने का निर्देश दिया। गंगा घाटों की सफाई हर हालत में 8 नवंबर तक पूर्ण कराए जाने का निर्देश देते हुए उन्होंने गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली पर्व के दौरान पूरे शहर के साथ साथ गंगा घाट के आसपास समुचित सफाई व्यवस्था के अलावा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकंठ तिवारी मंगलवार को कमिश्नरी ऑडिटोरियम सभागार में अधिकारियों के साथ आगामी गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली पर किए जा रहे तैयारियों के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पंडित दीनदयाल उपाध्याय कांप्लेक्स की प्रोजेक्टर के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने जल्द से जल्द प्रोजेक्ट प्लान पूरा कर शासन को भेजने का निर्देश वीसी वाराणसी विकास प्राधिकरण को दिया। मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने देव दीपावली एवं गंगा महोत्सव को पर्यटन की दृष्टि से बनारस का सबसे अधिक आय वाला पर्व बताते हुए टीम बनाकर पूरे घाटों का सर्वे कराने और सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि घाटों पर असामाजिक तत्वों व नशेड़ियों की किसी भी तरह की गतिविधि न होने पाये अभी से निगरानी रखें। समारोह स्थल की ओर जाने वाली सभी कनेक्टिंग मार्गों की प्रकाश व्यवस्था और सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश। गाड़ियों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर करने व अन्य आवश्यक जानकारी ट्रैफिक सिग्नल पर शहर में लगे 23 ध्वनि विस्तारक यंत्रों से कराने के निर्देश। नगर निगम और र वाराणसी विकास प्राधिकरण को निर्देश दिया कि अपनी अपनी सड़कों की सूची बनाकर दें कि कितनी सड़कें पूरी बनाई जानी है और कितने की मरम्मत होनी है कितने बजट की आवश्यकता होगी। उन्होंने कज्जाकपुरा से सारनाथ तक फोर लेन सड़क का प्रोजेक्ट बनाने का भी निर्देश दिया। सामने घाट से विश्वसुंदरी पुल को जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण कर फोर लेन करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अभियंता को निर्देश दिया।
बैठक में कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी, वीसी वीडीए राहुल पांडे के अलावा लोक निर्माण विभाग, विद्युत, नगर निगम, संस्कृति विभाग एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अविनाश चंद्र मिश्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।