गोरखपुर।*
मुंडन संस्कार में शामिल होने आटो से तरकुलहा जा रही मां-बेटी की खोराबार के जंगल चौरी में फोरलेन पर सोमवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। आटो में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मारने से यह दुर्घटना हुई। आटो में सवार छह अन्य लोग घायल हो गए हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में मरने वाली महिला के दो बेटे भी शामिल हैं।
फोरलेन पर जंगल चवरी के पास सोमवार को हुई दुर्घटना
ट्रक ने सवरियों से भरी आटो में मारी टक्कर, छह घायल
चिलुआताल इलाके के भगवानपुर का रहने वाला है परिवार
चिलुआताल के भगवानपुर निवासी विकास जायसवाल की बेटी का सोमवार को मुंडन था। अपने रिश्तेदारों के साथ गांव के लोगों को उन्होंने मुंडन में शामिल होने के लिए कहा था। विकास की पत्नी बिंदू अन्य लोगों को लेकर तरकुलहा मंदिर जा रही थीं। आटो में बच्चों को मिलाकर कुल आठ लोग सवार थे। खोराबार में जंगल चवरी के पास फोरलेन पर 2.30 बजे के करीब आटो पहुंची थी। उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने आटो में टक्कर मार दी। दुर्घटना में भगवानपुर गांव निवासी राजेश जायसवाल की पत्नी 35 वर्षीया पूनम और उनकी छह साल की बेटी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में विकास की पत्नी बिंदू देवी, बहनोई सचिन जायसवाल, पीयूष पटेल, संगीता देवी, राकेश का दस साल का बेटा सुधांसु जायसवाल, नौ साल का बेटा आर्यन जायसवाल भी घायल हो गए।