पीसीएस अधिकारी ने अपने बैंक मैनेजर बेटे की शादी में नई मिसाल पेश की है। उन्होंने बेटे की शादी में सिर्फ एक नीम का पौधा लिया है और इसका नाम परिणय पौधा रखा है।
अधिकारी के पूरे परिवार ने संकल्प लिया है कि वह अपने परिवार के हर शुभ अवसर पर एक पौधा रोपेंगे और उस पौधे का नामकरण शुभ अवसर के नाम पर ही किया जाएगा। यमुना विकास प्राधिकरण में एसीईओ के पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी एस.के दुबे के बेटे योगेश सहारनपुर में भारतीय स्टेट बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
योगेश की शादी अंबेडकर नगर के कुलदीप उपाध्याय की बेटी खुशबू से दो दिन पूर्व हुई है। इस शादी में दहेज के रूप में सिर्फ एक नीम का पौधा ही लड़की पक्ष से लिया गया है। इसे एसीईओ ने प्रतापगढ़ के गांव सराय मधई स्थित अपने पैतृक मकान में रोपकर इस पौधे को नाम दिया है योगेश-खुशबू परिणय पौधा। नई दुल्हन ने ससुराल में गृह प्रवेश से पहले इस पौधे को रोपा है। एस.के दुबे ने कहा कि वर्तमान में सबसे अधिक आवश्यकता पौधरोपण की है, जिसकी पूर्ति हम किसी अन्य चीज से नहीं कर सकते। उन्होंने और उनके परिवार ने संकल्प लिया है कि वह अपने परिवार के हर शुभ अवसर पर पौधा लगायेंगे और पौधे का नामकरण शुभ अवसर के नाम पर ही किया जाएगा। उन्होंने रिश्ता पक्का करते समय ही कह दिया था कि दहेज में सिर्फ एक पौधा लेंगे।
*मेहमानों को दी पर्यावरण बचाने की सीख -*
यमुना विकास प्राधिकरण के एसीईओ सतीश दुबे और उनकी पत्नी कुसुम ने कहा कि शादी में आए करीब 50 मेहमानों को पौधे भेंटकर उनसे वचन लिया कि वह पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हरियाली बढ़ाएंगे और इन पौधो को रोपने के बाद उनकी देखभाल करेंगे और अन्य लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करेंगे। इससे समाज में सुधार आएगा।