यूपी पुलिस को मिली 63 हजार इंसास व 23 हजार एसएलआर रायफल

 


लखनऊ- उत्तर प्रदेश की पुलिस अब अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर चलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद प्रदेश पुलिस को अत्याधुनिक 63 हजार इंसास व 23 हजार एसएलआर रायफल से सुसज्जित कर दिया गया। 
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने गुरुवार को यहां यहां बताया कि यूपी पुलिस अब अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पुलिस कर्मियों द्वारा प्रयुक्त की जा रही थ्री नाड थ्री (303 रायफल) को प्रतिस्थापित करते हुए उन्हें इंसास एवं एसएलआर जैसे अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध करा दिये गये हैं। 
श्री अवस्थी ने थ्री नाड थ्री (.303) के स्थान पर पुलिस विभाग के कर्मियों को मिली 63 हजार इंसास व 23 हजार एसएलआर रायफल को ड्यूटी के दौरान लेकर चलने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। इस सम्बन्ध में उनके द्वारा यह आदेश जारी किया गया है कि किसी थाने पर अब .303 रायफल का उपयोग न हो, यदि उपयोग की जाती है तो संबंधित थानाध्यक्षों, प्रतिसार निरीक्षकों के विरूद्ध समुचित कार्यवाही की जाय।   अपर मुख्य सचिव, गृह ने कहा कि शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराधों पर और अधिक प्रभावी तरीके से अंकुश लगाये जाने व महिलाओं एवं जन सामान्य को और अधिक सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग में आगामी भर्ती की प्रक्रिया को देखते हुए और अधिक अत्याधुनिक हथियारों की व्यवस्था करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये। 
अपर पुलिस महानिदेशक, लाजिस्टिक, विजय कुमार मौर्य ने अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी को बताया कि आगामी भर्ती को देखते हुए आठ हजार इंसास रायफल रिजर्व मे रखी गयी है। साथ ही आठ हजार इंसास रायफल व 10 हजार, 9 एमएम पिस्टल खरीदने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है।