भारतीय सेना को मिलेंगे 306 युवा अफसर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लेंगे परेड की सलामी

   शनिवार यानि आज का दिन देश के लिए गौरवशाली होगा। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून से 306 जेंटलमैन कैडेट्स अंतिम पग पार कर भारतीय सेना के अफसर बनेंगे। मित्र राष्ट्रों के भी 71 कैडेट्स पास आउट होकर अपने देश की सेनाओं में सेवा देंगे। आईएमए में पासिंग आउट परेड (पीओपी) सुबह आठ बजे से शुरू होगी।


     रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह परेड की सलामी लेंगे। इस बार कुल 377 जेंटलमैन कैडेट्स अफसर बनेंगे। इसमें मित्र राष्ट्र अफगानिस्तान, भूटान, किर्गस्तान, लेसोथो, मॉरिशस, नेपाल, श्रीलंका, तजीकिस्तान, तंजानिया और वियतनाम के 71 कैडेट्स शामिल हैं। उत्तराखंड से 19, उत्तर प्रदेश से 56, आंध्रप्रदेश से छह, अंडमान निकोबार से एक, असम से दो, बिहार से 24, चंडीगढ़ से चार, दिल्ली से 16, गुजरात से चार, हरियाणा से 39, हिमाचल प्रदेश से 18, जम्मू कश्मीर से छह, झारखंड से चार, कर्नाटक से सात, केरल से 10, मध्यप्रदेश से 10, महाराष्ट्र से 19, मणिपुर से चार, मिजोरम, ओडिसा से एक-एक, पंजाब से 11, राजस्थान 21, सिक्किम से एक, तमिलनाडू से नौ, तेलंगना से पांच, पश्चिम बंगाल से छह कैडेट्स पास आउस होकर भारतीय सेना के अफसर बनेंगे। पीओपी को लेकर सेना और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। रक्षा मंत्री और अन्य वीआईपी के आगमन को लेकर पुलिस अलर्ट है।


 


राजनाथ सिंह दून पहुंचे
पासिंग आउट परेड में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार शाम दून पहुंच गए हैं। रक्षा मंत्री चार बजकर बीस मिनट पर हवाई जहाज से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलीकाप्टर से सीधे आईएमए पहुंचे।