कोहरे और गलन का कहर जारी, वाराणसी में 12वीं तक के स्कूल बंद, अभी और गिरेगा पारा

*कोहरे और गलन का कहर जारी, वाराणसी में 12वीं तक के स्कूल बंद, अभी और गिरेगा पारा* 


वाराणसी में कोहरे और गलन का कहर जारी है। बुधवार को धूप खिली तो तापमान में दिन में थोड़ी वृद्धि हुई। ठिठुरन और गलन से हल्की राहत भी मिली लेकिन दोपहर बाद फिर गलन ने परेशान कर दिया। मौसम के रुख को देखते हुए प्रशासन ने 12 तक के स्कूलों को 26 दिसंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। जिन स्कूलों में प्री बोर्ड या प्रैक्टिकल एग्जाम चल रहा है उन्हें बंद रखने की जरूरत नहीं है। परीक्षाएं अपने निर्धारित शेड्यूल से होंगी। मौसम का कहर विमान और रेल सेवाओं पर भी पड़ा। इनकी लेट लतीफी जारी है।


वाराणसी में अधिकतम तापमान 17.6 और न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस प्रकार दिन के तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। हालांकि, अभी भी अधिकतम तापमान औसत से छह डिग्री कम है।



मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिनों में न्यूतम तापमान में और कमी आएगी। दिसंबर का अंतिम सप्ताह में न्यूतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हल्की बूंदाबादी का भी पूर्वानुमान है। पारा अभी 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच बने रहने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि अधिकतम तापमान औसत से नीचे रहेगा। कोहरे से भी निजात नहीं मिलेगी। मौसम विज्ञानी प्रो.एस.एन.पांडेय का कहना है कि इस अवधि में ठंड अधिक पड़ती है। 15 दिसंबर से 14 जनवरी तक कड़ाके की ठंड स्वाभाविक है।