उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाने की कोशिश, लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर

  उन्नाव। विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के दुष्कर्म तथा पीड़िता की हत्या के प्रयास के आरोप में जेल जाने के बाद उन्नाव एक बाद फिर चर्चा में है। यहां के बिहार थाना क्षेत्र के हिंदू भाटन खेड़ा गांव में दुष्कर्म पीड़िता को गुरुवार को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया। वहीं पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ते जाने से उसको लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।


दुष्कर्म पीड़िता को जमानत पर छूट कर आए दो आरोपियों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। 


बिहार थानाक्षेत्र के हिन्दुनगर गांव में मार्च में युवती के साथ दुष्कर्म हुआ था। इसके बाद दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। युवती इसी मामले की पैरवी के लिए गुरुवार को रायबरेली जा रही थी। सुबह चार बजे के करीब गांव के बाहर खेत में दोनों आरोपी व उसके तीन साथियों ने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही गांव में खलबली मच गई। इसकी सूचना पर पहुंचे स्वजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़िता को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ते जाने से उसको लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।  



*तीन आरोपी गिरफ्तार -*


गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता ने अपने बयान में दोनों आरोपियों का नाम लिया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसपी विक्रांत वीर के मुताबिक पीड़िता ने मार्च में दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें एक की गिरफ्तारी की गई थी। आज की घटना में पीड़िता ने पांच लोगों के नाम लिए जिनमें से तीन को घटना की सूचना मिलने के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी दो आरोपितों की गिफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। 


उन्नाव जिला अस्पताल लाई गई दुष्कर्म पीड़िता का इलाज डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय और एसपी विक्रांत वीर ने अपनी देखरेख में शुरू कराया । इससे पहले डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। घटनास्थल व गांव में बड़ी तादाद में फोर्स तैनात कर दिया गया है।  


डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पीड़िता को जलाया गया है। उसे बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी हरीशंकर त्रिवेदी, शुभम त्रिवेदी व एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस सभी की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। हमने पीडि़ता का स्टेटमेंट भी लिया है जो केस में बहुत महत्वपूर्ण होगा। डीजीपी ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद रायबरेली में यह मुकदमा दर्ज हुआ था।