चुनाव के नतीजे शांति व विकास के लिए शुभ संकेत - अखिलेश यादव


दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जीत के करीब है। इस बार भी केजरीवाल का झाड़ू जमकर चला है। आप की इस जीत पर राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिक्रिया भी आने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों को देश की शांति व विकास के लिए शुभ संकेत और स्वस्थ संदेश बताया है।सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि 'दिल्ली के नतीजे बता रहे हैं कि अधिकांश भारतीय आज भी सामाजिक रूप से उदार व राजनीतिक रूप से समझदार हैं व धर्म जैसे व्यक्तिगत विषय को राजनीति के पंक में घसीटकर अपना सियासी फूल खिलाने वालों के खिलाफ हैं। ये देश की शांति व विकास के लिए शुभ संकेत व स्वस्थ संदेश भी है।'इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम का संदेश पूरे देश में जाएगा। देश की जनता अब एक बार फिर किसान, गरीब, नौजवान, विकास और खुशहाली के लिए मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि जो नफरत की राजनीति भाजपा बहुत दिनों से कर रही है, उसमें वे असफल रहेंगे।बता दें कि सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पर एग्जिट पोल के आंकड़ों का भी हवाला देते हुए भाजपा को घेरा था। उन्होंने कहा था कि दिल्लीवासियों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। अखिलेश ने शनिवार रात ट्वीट कर कहा था कि 'एक्जिट पोल के आंकड़े ये संकेत दे रहे हैं कि भाजपा की नफरत भरी नकारात्मक राजनीति को आज दिल्लीवासियों ने पूरी तरह नकार दिया है और कल पूरा देश नकारेगा। ये है नये परिपक्व व युवा भारत का संदेश कि जो भी देश की तरक्की, लोगों की भलाई और अमन-चैन का काम करेगा जनता उसी को चुनेगी।'