ट्रैक्टर की टक्कर से दो मजदूरों की मौत


महोबा (उप्र), 22 मार्च (एएनएस) उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के करिया पठवा गांव के नजदीक ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मोपेड सवार दो मजदूरों की मौत हो गयी तथा उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।


पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार देर शाम सिद्धगोपाल (23), राजकिशोर (28) और मान सिंह (30) शहर मुख्यालय से मजदूरी कर मोपेड बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बिलबई मार्ग में करिया पठवा गांव के नजदीक उनके वाहन को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।


उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सिद्धगोपाल और राजकिशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं मान सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।


सूत्रों ने बताया कि कोई भी मजदूर हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया है तथा घटना की जांच की जा रही है।