अब तक 13 हजार 893 मामले: सरकार ने कहा- मई तक 10 लाख रैपिड टेस्ट किट बना लेंगे, वेंटिलेंटर का भी स्वदेशी डिजाइन तैयार हो रहा

*अब तक 13 हजार 893 मामले: सरकार ने कहा- मई तक 10 लाख रैपिड टेस्ट किट बना लेंगे, वेंटिलेंटर का भी स्वदेशी डिजाइन तैयार हो रहा*
दैनिक भास्कर,Apr 17, 2020,
दिन मामले
13 अप्रैल 1242
16 अप्रैल 1059
14 अप्रैल 1033
15 अप्रैल 881
10 अप्रैल 871
राज्य कितने संक्रमित कितने ठीक हुए कितनी मौत
महाराष्ट्र 3236 300 194
दिल्ली 1640 52 38
तमिलनाडु 1267 180 15
मध्यप्रदेश 1337 70 65
राजस्थान 1169 164 12
गुजरात 1021 73 38
उत्तरप्रदेश 823 68 13
तेलंगाना 700 187 18
आंध्रप्रदेश 572 35 14
केरल 394 245 3
कर्नाटक 353 82 13
जम्मू-कश्मीर 314 38 6
पश्चिम बंगाल 255 51 10
हरियाणा 215 65 4
पंजाब 197 29 14
बिहार 80 37 2
ओडिशा 60 19 1
उत्तराखंड 37 9 0
हिमाचल प्रदेश 34 16 2
असम 34 5 1
छत्तीसगढ़ 33 23 0
झारखंड 34 0 2
चंडीगढ़ 29 9 2
लद्दाख 18 14 0
अंडमान-निकोबार 12 11 0
मेघालय 7 0 1
गोवा 7 6 0
पुडुचेरी 7 1 0
मणिपुर 2 1 0
त्रिपुरा 2 1 0
अरुणाचल प्रदेश 1 1 0
दादरा एवं नगर हवेली 1 0 0
मिजोरम 1 0 0
नगालैंड 1 0 0
भोपाल में सड़कों पर संदेश लिखकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यहां 196 संक्रमित हैं। मध्यप्रदेश में यह संक्रमण के मामले में दूसरे नंबर पर है।
ठाणे की स्वास्तिक इंडस्ट्रीज में पीपीई किट पैक करने के लिए कपड़े के बैग बनाए जा रहे हैं। देश में कोरोना से बचाव में काम आने वाली चीजों का उत्पादन तेजी से किया जा रहा है।
पिछले 2 दिन में अलग-अलग राज्यों में 5 लाख टेस्ट किट भेजे गए हैं। इसके बाद कोरोना जांच तेज हुई है।
सरकार ने कहा- भारत जल्द से जल्द वैक्सिन बनाने में जुटा है, लेकिन इसमें समय लगेगा
इम्यून बूस्टर डिवाइस पर काम हो रहा; एंटी वायरल ड्रग और पारंपरिक दवाओं पर भी शोध किया जा रहा
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 13 हजार 893 हो गई है। शुक्रवार को गुजरात में 92, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान में 38-38, मध्यप्रदेश में 36, महाराष्ट्र में 34, पश्चिम बंगाल में 24, जबकि अंडमान-निकोबार में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पहले गुरुवार को संक्रमण के 1 हजार 59 नए मामले सामने आए। देश में इस बीमारी के मरीजों का यह एक दिन में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 13 अप्रैल को सबसे ज्यादा 1 हजार 242 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 13 हजार 387 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें 11 हजार 201 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 हजार 748 ठीक हो चुके हैं। अब तक 437 मौतें हुई हैं।
सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की अहम बातें
टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाने पर ध्यान दिया गया है। नई रणनीति बना रहे हैं। वायरस सिक्वेंसिंग पर भी काम चल रहा है।
भारत जल्द से जल्द वैक्सिन बनाने में जुटा है, लेकिन इसमें समय लगेगा। इम्यून बूस्टर डिवाइसेज पर भी काम रहे हैं।
हम कुछ असरकारी दवाओं पर भी काम करना चाहते हैं। जो दवा भारत में नहीं बन रहीं उन्हें भी देश में बनाने की योजना बना रहे हैं।
एंटी वायरल ड्रग पर भी काम कर रहे हैं। हम फार्मोस्यूटिकल और पारंपरिक दवाओं पर भी शोध में जुटे हैं।
पीपीई और वेंटिलेंटर्स के लिए भी स्वेदशी डिजाइन तैयार किया जा रहा है।
हम मई तक 10 लाख स्वदेशी रैपिड टेस्ट किट बना लेंगे। डायग्नोस्टिक हो, थेरेपेस्टिक हो या वैक्सिन, हम सभी पर काम कर रहे हैं।
राज्य और जिला स्तर पर तैयारियों का आकलन कर रहे हैं। यह देख रहे हैं कि यह पर्याप्त हैं कि नहीं, अगर नहीं हैं तो इसमें सुधार कर रहे हैं।
लॉकडाउन से पहले हमारा डबलिंग रेट करीब 3 दिन था। पिछले 7 दिन में हमारा डबलिंग रेट 6.2 दिन है। 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह औसत डबलिंग रेट से भी कम है।
सेना में संक्रमण के सिर्फ 8 मामले
सेना प्रमुख एमएम नरवणे ने शुक्रवार को बताया कि सेना में अभी तक संक्रमण के सिर्फ 8 मामले आए हैं। इनमें से 2 डॉक्टर हैं। 1 नर्सिंग असिस्टेंट है, जबकि 4 अन्य लोगों को भी काफी आराम है। लद्दाख में एक केस आया था। वह मरीज पूरी तरह ठीक हो गया है और उसने ड्यूटी भी ज्वाइन कर ली है।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 27 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के 7 केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, दादरा एवं नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
यह आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं।केंदीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 13 हजार 387 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें 11 हजार 201 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 हजार 748 ठीक हो चुके हैं। अब तक 437 मौतें हुई हैं।
6 राज्य, 1 केंद्र शासित प्रदेश के हाल
मध्यप्रदेश, संक्रमित- 1337: दिल्ली से शुक्रवार भी आई रिपोर्ट में इंदौर में 36 और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। अब तक शहर में 878 पॉजिटिव मरीज हैं। दिल्ली भेजे गए 1 हजार 142 सैंपल में से 383 लोगों में संक्रमण पाया गया है। संक्रमितों के मामले में 196 मरीजों के साथ भोपाल दूसरे नंबर पर है। आईआईएम इंदौर के साथ शोध कर रहे अमेरिका के कुछ विशेषज्ञों का अनुमान है कि राज्य सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए तो मई के अंत तक प्रदेश में 50 हजार संक्रमित होंगे।
महाराष्ट्र, संक्रमित- 3236: राज्य में शुक्रवार को 34 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें से पुणे में 23, मुंबई में 6, मालेगांव 4 और ठाणे में 1 मरीज मिला। राज्य में 1 मार्च से 15 अप्रैल के बीच कुल 56 हजार 673 लोगों की कोरोना जांच हुई। इनमें से 52 हजार 762 टेस्ट निगेटिव आए।
राजस्थान, संक्रमित 1169: राज्य में शुक्रवार को 38 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें से जोधपुर में 18, टोंक में 6, कोटा में 4, नागौर में 2, जबकि झुंझुनूं और अजमेर में 1-1 मरीज मिला। यहां गुरुवार को 55 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं।
उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 805: मुरादाबाद में गुरुवार देर रात 11 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। राज्य में सबसे ज्यादा 174 आगरा में हैं। उधर, नोएडा में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वहीं, पुलिस ने 54 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बिहार, संक्रमित-80: बिहार में कोरोनावायरस से शुक्रवार को दूसरी मौत हो गई। एम्स में भर्ती वैशाली के 35 साल के युवक ने दम तोड़ दिया। 15 अप्रैल को युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। राज्य में सीवान जिला कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित है। यहां 29 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।
गुजरात, संक्रमित- 1021: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 92 नए मामले सामने आए। यहां सबसे ज्यादा 590 मामले अहमदाबाद में हैं। शहर में पिछले 5 दिन में 302 मामले सामने आए हैं। राज्य में गुरुवार को संक्रमण के 163 मामले आए। इनमें से अहमदाबाद में 95, सूरत में 37 रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं।
दिल्ली, संक्रमित- 1640: केजरीवाल सरकार ने फैसला किया है कि कोरोना संकट के बीच किसी भी स्कूल को फीस बढ़ाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। स्कूल 3 महीने की फीस नहीं मांगेंगे। सिर्फ एक महीने की ट्यूशन फीस मांग सकते हैं। आनलाइन एजुकेशन सभी छात्रों को दी जाएगी, भले ही उनके माता-पिता फीस न भर पाएं। गुरुवार को यहां 62 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
मरकज के मौलाना के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस
प्रवर्तन निदेशालय ने तब्लीगी जमात के प्रमुख मौलाना साद के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले मौलाना के खिलाफ दर्ज एफआईआर में सरकारी वकील की सलाह पर गैर-इरादतन हत्या की धारा जोड़ी गई थी। अब उसे थाने से जमानत नहीं मिल सकेगी। वहीं, इस धारा में दोषी पाए जाने पर 10 साल की जेल होगी। आरोप है कि निजामुद्दीन मरकज से जमाती देश के कई हिस्सों में गए, जिससे कोरोना संक्रमण फैला और लोगों की मौत हुई।