संक्रमक बीमारियों को बढ़ावा देता ,सड़ रहा कूड़े का ढेर

ब्लॉक मुख्यालय से सटे गांव में दम तोड़ रहा संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम


सचिन सिंह !जमुनहा(श्रावस्ती) : संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए गांव से लेकर शहर तक स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया है। विकास क्षेत्र जमुनहा के ब्लॉक मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत में ही यह अभियान दम तोड़ता दिख रहा है। ग्राम पंचायत जमुनहा भवनियापुर में जगह- जगह लगे कूड़े के ढेर बरसात के मौसम में सड़ रहे हैं। इससे उठती दुर्गंध से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।


ग्राम पंचायत जमुनहा भवनियापुर के जमुनहा गांव, जमुनहा बाजार व भवनियापुर तीन मजरे है। जमुनहा बाजार में रामजानकी मंदिर के बगल से होते हुए मोहल्ले को जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। इस रास्ते के बगल में खाली पड़ी भूमि कूड़ा निस्तारण केंद्र की शक्ल में नजर आता है। बाजार में डस्टबिन की व्यवस्था न होने से बाजार के लोग इसी स्थान पर कूड़ा करकट फेकते है। बरसात में यह कचरा रास्ते तक फैला हुआ है। गंदगी सड़ रही है और इसी के बीच से लोग आने-जाने को विवश हैं। आफताब आलम, हरीश जायसवाल, पिटू सोनी, राजू चौधरी, श्रवण गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत व अधिकारियों इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी साफ-सफाई के लिए ठोस कदम नही उठाया जा रहा है। ग्राम प्रधान इबरार अहमद ने बताया कि यहां गांव के अलावा बाजार भी है। सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी मात्र एक महिला सफाईकर्मी पर है। महिला सफाई कर्मी अपनी क्षमता के अनुसार कार्य करती है। कूड़ा फेकने के लिए कोई समुचित स्थान नही है। इससे कूड़े ढेर हटवाए नहीं जा रहे हैं।